MS Word में पैराग्राफ की सेटिंग कैसे करें? (Alignment, Indent और Spacing)

अगर आप Microsoft Word में काम करते हैं, तो आपने महसूस किया होगा कि सिर्फ टेक्स्ट लिख देना ही काफी नहीं है। असली काम तब आता है जब आप अपने डॉक्यूमेंट को साफ-सुथरा, पेशेवर और पढ़ने में आसान बनाते हैं। यह सब संभव होता है पैराग्राफ फॉर्मेटिंग की मदद से।

चाहे आप स्कूल-कॉलेज के छात्र हों, नौकरी करते हों, या कंप्यूटर की बेसिक ट्रेनिंग ले रहे हों, यह गाइड आपके लिए बिल्कुल सही है। यहाँ हम हर टूल को आसान हिंदी में समझेंगे, साथ ही शॉर्टकट कीज़ और स्टेप-बाय-स्टेप तरीके भी बताएंगे ताकि आप तुरंत प्रैक्टिस कर सकें।

📜 विषय-सूची (Table of Contents)

पैराग्राफ एलाइनमेंट (Paragraph Alignment)

अलाइनमेंट का मतलब है टेक्स्ट को पैराग्राफ में किस तरफ सेट करना है। Word में आपको चार तरह के अलाइनमेंट मिलते हैं:

तरीका 1: होम टैब से अलाइनमेंट बदलना

  1. उस पैराग्राफ को सेलेक्ट करें जिसका अलाइनमेंट बदलना है।
  2. Home Tab > Paragraph Group में जाएं।
  3. एलाइनमेंट के निम्नलिखित विकल्पों में से वांछित विकल्प पर क्लिक करें:
    • Align Left (Ctrl + L): टेक्स्ट को बाईं तरफ सेट करता है। यह सामान्य तरीका है।
      Word में Align Left (Ctrl+L) से टेक्स्ट को बाईं तरफ सेट करना
      Align Left (Ctrl + L) — टेक्स्ट बाईं तरफ सेट
    • Center (Ctrl + E): टेक्स्ट को बीच में सेंटर करता है। टाइटल या हेडिंग के लिए यह बढ़िया है।
      Word में Center (Ctrl+E) से टेक्स्ट को बीच में सेंटर करना — टाइटल और हेडिंग के लिए उपयोगी
      Center (Ctrl + E) — टेक्स्ट बीच में सेंटर
    • Align Right (Ctrl + R): टेक्स्ट को दाईं तरफ सेट करता है।
      Word में Align Right (Ctrl+R) से टेक्स्ट को दाईं तरफ सेट करना
      Align Right (Ctrl + R) — टेक्स्ट दाईं तरफ सेट
    • Justify (Ctrl + J): टेक्स्ट को बाएं और दाएं दोनों तरफ बराबर करता है। अखबार और किताबों में अक्सर यही फॉर्मेटिंग होती है।
      Word में Justify (Ctrl+J) से टेक्स्ट को बाएं और दाएं दोनों तरफ बराबर करना — अखबार और किताबों जैसी फॉर्मेटिंग
      Justify (Ctrl + J) — टेक्स्ट बाएं और दाएं दोनों तरफ बराबर

तरीका 2: पैराग्राफ डायलॉग बॉक्स से अलाइनमेंट बदलना

  1. उस पैराग्राफ को सेलेक्ट करें जिसका अलाइनमेंट बदलना है।
  2. Home Tab > Paragraph Group के डायलॉग बॉक्स लांचर पर क्लिक करें।
    अथवा पैराग्राफ पर राइट-क्लिक कर Paragraph विकल्प पर क्लिक करें।
  3. खुलने वाले Paragraph डायलॉग बॉक्स में Alignment ड्रॉपडाउन पर क्लिक करें।
  4. Alignment ड्रॉपडाउन से वांछित विकल्प चुनें (Left, Center, Right, Justify)।
    Word Paragraph डायलॉग बॉक्स में Alignment ड्रॉपडाउन से Left, Center, Right और Justify विकल्प चुनना
    Paragraph Dialog Box → Alignment ड्रॉपडाउन से Left, Center, Right या Justify
  5. OK पर क्लिक करें।

पैराग्राफ इंडेंटेशन (Paragraph Indentation)

इन्डेन्शन एक ऐसा विकल्प है, जिसके माध्यम से पैराग्राफ को मार्जिन से बाईं या दाईं ओर से खिसका (Indent) सकते हैं, जिससे टेक्स्ट अधिक व्यवस्थित और पढ़ने में आसान लगे। इसे बदलने के लिए निम्नलिखित तरीके अपनाए जा सकते हैं:

तरीका 1: होम टैब से इंडेंटेशन बदलना

  1. उस पैराग्राफ को सेलेक्ट करें जिसका इंडेंटेशन बदलना है।
  2. Home Tab > Paragraph Group में जाएं।
  3. Increase Indent (इंडेंट बढ़ाने के लिए) या Decrease Indent (इंडेंट घटाने के लिए) बटन पर क्लिक करें।
    Word Home Tab के Paragraph Group में Increase Indent और Decrease Indent बटन
    Home Tab → Paragraph Group → Increase Indent और Decrease Indent बटन

तरीका 2: रूलर (Ruler) का उपयोग करके

रूलर की मदद से इंडेंट करना सबसे आसान तरीका है। अगर रूलर दिख नहीं रहा, तो View Tab पर जाएं और Ruler को चेक कर लें।

  • First Line Indent: ऊपर वाला तीर। इसे खींचकर पैराग्राफ की पहली लाइन को अंदर कर सकते हैं।
  • Hanging Indent: बीच वाला तीर। इससे पहली लाइन को छोड़कर बाकी सभी लाइनें अंदर आ जाती हैं।
  • Left Indent: नीचे वाला आयत। यह पूरे पैराग्राफ को बाएं से अंदर करता है।
  • Right Indent: रूलर के दाएं तरफ नीचे वाला मार्कर। इससे पूरा पैराग्राफ दाएं तरफ से अंदर आ जाता है।

आप रूलर पर मौजूद इन इंडेंट मार्कर्स (Left Indent, Right Indent, First Line Indent) को ड्रैग करके आसानी से इंडेंटेशन को अपनी जरूरत के अनुसार सेट कर सकते हैं।

Word Ruler पर First Line Indent, Hanging Indent, Left Indent और Right Indent मार्कर्स का स्थान
Word Ruler — First Line, Hanging, Left और Right Indent मार्कर्स को ड्रैग करके इंडेंट सेट करें

तरीका 3: पैराग्राफ डायलॉग बॉक्स से

यह तरीका उन लोगों के लिए है जो सटीक माप (Exact Measurement) के साथ इंडेंटेशन करना चाहते हैं।

स्टेप 1: पैराग्राफ डायलॉग बॉक्स खोलें

दो तरीकों से खोल सकते हैं:

पहला तरीका:

  1. Home Tab पर क्लिक करें।
  2. Paragraph Group में जाएँ।
  3. डायलॉग बॉक्स लांचर (नीचे दाएँ कोने में छोटा तीर) पर क्लिक करें।

दूसरा तरीका (आसान):

  1. जिस पैराग्राफ का इंडेंटेशन बदलना है, उस पर Right Click करें।
  2. मेन्यू में से Paragraph विकल्प पर क्लिक करें।

स्टेप 2: Indentation सेक्शन में मान सेट करना

डायलॉग बॉक्स खुलने के बाद Indentation सेक्शन दिखेगा। यहाँ आप नीचे बताए गए विकल्पों के लिए नंबर (मान) लिखें:

  • Left: यहाँ नंबर लिखकर बाईं ओर से इंडेंट सेट करें। जैसे 0.5″ लिखेंगे तो पैराग्राफ बाएँ से आधा इंच अंदर आ जाएगा।
  • Right: यहाँ नंबर लिखकर दाईं ओर से इंडेंट सेट करें। जैसे 0.5″ लिखेंगे तो पैराग्राफ दाएँ से आधा इंच अंदर आ जाएगा।
  • Special (खास विकल्प): ड्रॉपडाउन में दो विकल्प हैं:
    • First Line: इसे चुनें और By बॉक्स में नंबर लिखें। इससे पैराग्राफ की पहली पंक्ति बाएँ मार्जिन से अंदर खिसक जाएगी — जैसे किताबों में होता है।
    • Hanging: इसे चुनें और By बॉक्स में नंबर लिखें। इससे पहली पंक्ति को छोड़कर बाकी सभी पंक्तियाँ बाएँ मार्जिन से अंदर खिसक जाएँगी — जैसे रेफरेंस लिस्ट में होता है।
Word Paragraph डायलॉग बॉक्स के Indentation सेक्शन में Left, Right और Special (First Line, Hanging) विकल्प
Paragraph Dialog Box → Indentation सेक्शन — Left, Right और Special विकल्प से सटीक इंडेंट

स्टेप 3: सेटिंग्स सेव करें

  • सभी मान सही से भरने के बाद, OK बटन पर क्लिक करें।
  • पैराग्राफ आपके द्वारा सेट किए गए इंडेंटेशन के साथ एडजस्ट हो जाएगा।

तरीका 4: कीबोर्ड शॉर्टकट से इंडेंटेशन

  • Increase Indent: Ctrl + M
  • Decrease Indent: Ctrl + Shift + M

लाइन स्पेसिंग (Line Spacing)

MS Word में काम करते समय अक्सर हमें लगता है कि लाइनें बहुत सटी-सटी हैं या फिर बहुत दूर-दूर। इसी दूरी को ठीक करने का काम करता है लाइन स्पेसिंग। सही स्पेसिंग न केवल आपके डॉक्यूमेंट को सुंदर बनाती है, बल्कि इसे पढ़ने में भी आसान (Readability) बनाती है। इसे बदलने के लिए निम्नलिखित तरीके अपनाए जा सकते हैं:

तरीका 1: होम टैब के उपयोग से

  1. सबसे पहले उस पैराग्राफ को माउस से सेलेक्ट करें जिसकी स्पेसिंग आप बदलना चाहते हैं।
  2. Home Tab > Paragraph Group > Line and Paragraph Spacing आइकन (चार लाइनों जैसा दिखने वाला) के ड्रॉपडाउन पर क्लिक करें।
  3. ड्रॉपडाउन से वांछित लाइन स्पेसिंग (जैसे 1.0, 1.5, 2.0) चुनें।
    Word Home Tab के Paragraph Group में Line and Paragraph Spacing ड्रॉपडाउन से 1.0, 1.5, 2.0 जैसे विकल्प चुनना
    Home Tab → Paragraph Group → Line and Paragraph Spacing ड्रॉपडाउन

तरीका 2: पैराग्राफ डायलॉग बॉक्स के उपयोग से

यह तरीका उन लोगों के लिए है जो अपनी मर्जी से सटीक स्पेसिंग देना चाहते हैं, जैसे 1.25, 1.3, या 1.8 जैसी कोई भी मनचाही स्पेसिंग।

स्टेप 1: पैराग्राफ डायलॉग बॉक्स खोलें

तीन तरीकों से खोल सकते हैं (कोई भी एक चुनें):

पहला तरीका:

  1. Home Tab पर क्लिक करें।
  2. Paragraph Group में जाएँ।
  3. Line and Paragraph Spacing आइकन (चार लाइनों जैसा) पर क्लिक करें।
  4. ड्रॉपडाउन में से Line Spacing Options पर क्लिक करें।

दूसरा तरीका:

  1. Home Tab पर क्लिक करें।
  2. Paragraph Group में जाएँ।
  3. डायलॉग बॉक्स लांचर (नीचे दाएँ कोने में छोटा तीर) पर क्लिक करें।

तीसरा तरीका (सबसे आसान):

  1. जिस पैराग्राफ की लाइन स्पेसिंग बदलनी है, उस पर Right Click करें।
  2. मेन्यू में से Paragraph विकल्प पर क्लिक करें।

स्टेप 2: Spacing सेक्शन में जाएँ

डायलॉग बॉक्स खुलने के बाद Spacing सेक्शन दिखेगा। यहाँ आपको Line Spacing का ड्रॉपडाउन मिलेगा।

स्टेप 3: Line Spacing ड्रॉपडाउन से विकल्प चुनें

इस ड्रॉपडाउन में आपको निम्नलिखित विकल्प मिलेंगे:

  • Single: सिंगल स्पेसिंग (1.0)
  • 1.5 Lines: डेढ़ स्पेसिंग (1.5)
  • Double: डबल स्पेसिंग (2.0)
  • At Least: कम से कम इतनी स्पेसिंग (न्यूनतम)
  • Exactly: बिल्कुल सटीक स्पेसिंग (बराबर) — At बॉक्स में pt में मान दें, जैसे 12 pt, 14 pt।
  • Multiple: अपनी मर्जी की स्पेसिंग — जैसे 1.25, 1.3, 1.8 आदि।

अगर आपको मनचाही स्पेसिंग देनी है, तो Multiple चुनें।

स्टेप 4: At बॉक्स में मान दर्ज करें

Multiple चुनने के बाद At बॉक्स सक्रिय हो जाएगा। यहाँ अपनी मनचाही स्पेसिंग लिखें:

  • 1.25 स्पेसिंग चाहिए → At बॉक्स में 1.25 लिखें।
  • 1.3 स्पेसिंग चाहिए → At बॉक्स में 1.3 लिखें।
  • 1.8 स्पेसिंग चाहिए → At बॉक्स में 1.8 लिखें।

स्टेप 5: सेटिंग्स सेव करें

सभी मान सही से भरने के बाद OK बटन पर क्लिक करें। आपकी लाइन स्पेसिंग सेट किए गए मान के अनुसार बदल जाएगी।

नोट: यह तरीका तब सबसे उपयोगी है जब आपको 1.0, 1.5, 2.0 के अलावा कोई भी मनचाही स्पेसिंग देनी हो। Multiple से 1.25, 1.3, 1.8 जैसी कोई भी स्पेसिंग दे सकते हैं और Exactly से pt में बिल्कुल सटीक स्पेसिंग। यह सेटिंग सिर्फ सेलेक्ट किए गए पैराग्राफ पर लागू होगी।

Word Paragraph डायलॉग बॉक्स के Spacing सेक्शन में Line Spacing ड्रॉपडाउन और At बॉक्स से सटीक स्पेसिंग सेट करना
Paragraph Dialog Box → Spacing सेक्शन → Line Spacing ड्रॉपडाउन और At बॉक्स

तरीका 3: कीबोर्ड शॉर्टकट

  • Ctrl + 1: सिंगल स्पेस।
  • Ctrl + 2: डबल स्पेस।
  • Ctrl + 5: डेढ़ स्पेस।

टिप: प्रोफेशनल डॉक्यूमेंट्स और थीसिस के लिए आमतौर पर 1.5 या 1.15 की लाइन स्पेसिंग सबसे अच्छी मानी जाती है।

पैराग्राफ स्पेसिंग (Paragraph Spacing)

पैराग्राफ स्पेसिंग एक ऐसा विकल्प है, जिसका उपयोग MS Word में दो पैराग्राफ के बीच की दूरी को बढ़ाने या घटाने के लिए किया जाता है। इससे दस्तावेज़ अधिक व्यवस्थित दिखता है और पढ़ने में आसानी होती है। इसे बदलने के लिए निम्नलिखित तरीके अपनाए जा सकते हैं:

तरीका 1: होम टैब से पैराग्राफ स्पेसिंग बदलना

  1. उस पैराग्राफ को सेलेक्ट करें जिसकी स्पेसिंग बदलनी है।
  2. Home Tab > Paragraph Group > Line and Paragraph Spacing आइकन (चार लाइनों जैसा दिखने वाला) के ड्रॉपडाउन पर क्लिक करें।
  3. Add Space Before Paragraph या Add Space After Paragraph विकल्प चुनें।
    Word Home Tab के Line and Paragraph Spacing ड्रॉपडाउन में Add Space Before और Add Space After Paragraph विकल्प
    Line and Paragraph Spacing ड्रॉपडाउन → Add Space Before / After Paragraph विकल्प

तरीका 2: पैराग्राफ डायलॉग बॉक्स से पैराग्राफ स्पेसिंग बदलना

  1. Home Tab > Paragraph Group के डायलॉग बॉक्स लांचर पर क्लिक करें।
    अथवा पैराग्राफ पर राइट-क्लिक कर Paragraph विकल्प पर क्लिक करें।
  2. Spacing सेक्शन में Before और After बॉक्स में वांछित मान दर्ज करें।
    Word Paragraph डायलॉग बॉक्स के Spacing सेक्शन में Before और After बॉक्स से पैराग्राफ के ऊपर और नीचे की दूरी सेट करना
    Paragraph Dialog Box → Spacing सेक्शन → Before और After बॉक्स में मान दर्ज करें
  3. OK पर क्लिक करें।

नोट: यदि आप चाहते हैं कि एक ही स्टाइल के पैराग्राफ के बीच कोई अतिरिक्त स्पेस न जोड़ा जाए, तो Don't add space between paragraphs of the same style चेकबॉक्स में मार्क लगा दें। इसके अलावा Paragraph Group Layout Tab में भी उपलब्ध है, जहाँ से आप इंडेंट, स्पेसिंग और अन्य पैराग्राफ फॉर्मेटिंग विकल्पों का उपयोग कर सकते हैं।

पैराग्राफ फॉर्मेटिंग हटाना (Clear Paragraph Formatting)

यदि आप पैराग्राफ की फॉर्मेटिंग हटाना चाहते हैं, तो निम्न तरीके अपनाएं:

  1. पैराग्राफ को सेलेक्ट करें।
  2. Home Tab > Font Group > Clear All Formatting बटन (एरेज़र आइकन) पर क्लिक करें।

MS Word Paragraph Formatting - Exam Oriented FAQs

MS Word में डिफ़ॉल्ट रूप से पैराग्राफ किस तरफ अलाइन (Align) होता है?
MS Word में नया टेक्स्ट लिखते समय डिफ़ॉल्ट अलाइनमेंट Left (बाईं ओर) होता है। इसे सामान्यतः बॉडी टेक्स्ट के लिए उपयोग किया जाता है।
Justify अलाइनमेंट का मुख्य उपयोग क्या है और इसका शॉर्टकट क्या है?
Justify अलाइनमेंट टेक्स्ट को बाएं और दाएं दोनों मार्जिन के बीच बराबर बांट देता है, जिससे डॉक्यूमेंट अखबार या किताब जैसा पेशेवर दिखता है। इसका कीबोर्ड शॉर्टकट Ctrl + J है।
Hanging Indent (हैंगिंग इंडेंट) से आप क्या समझते हैं?
हैंगिंग इंडेंट में पैराग्राफ की पहली लाइन को छोड़कर बाकी सभी लाइनें मार्जिन से अंदर की ओर खिसक जाती हैं। इसका उपयोग अक्सर बिब्लियोग्राफी या रेफरेंस लिस्ट बनाने में किया जाता है।
लाइन स्पेसिंग (Line Spacing) के लिए उपयोग होने वाले मुख्य शॉर्टकट्स कौन से हैं?
लाइन स्पेसिंग के लिए तीन सबसे महत्वपूर्ण शॉर्टकट्स हैं:
  • Ctrl + 1: सिंगल लाइन स्पेस (1.0)
  • Ctrl + 2: डबल लाइन स्पेस (2.0)
  • Ctrl + 5: डेढ़ लाइन स्पेस (1.5)
पैराग्राफ इंडेंट (Indent) बढ़ाने और घटाने के शॉर्टकट कीज़ क्या हैं?
  • इंडेंट बढ़ाने के लिए (Increase Indent): Ctrl + M
  • इंडेंट घटाने के लिए (Decrease Indent): Ctrl + Shift + M
Line Spacing और Paragraph Spacing में क्या अंतर है?
Line Spacing: एक ही पैराग्राफ की दो पंक्तियों (Lines) के बीच की दूरी को कहते हैं।
Paragraph Spacing: दो अलग-अलग पैराग्राफ के बीच (ऊपर या नीचे) की खाली जगह को कहते हैं।
पैराग्राफ डायलॉग बॉक्स खोलने के सबसे आसान तरीके क्या हैं?
1. पैराग्राफ पर Right-Click करके Paragraph विकल्प चुनें।
2. Home Tab के Paragraph Group में छोटे तीर (Dialog Box Launcher) पर क्लिक करें।
Clear All Formatting बटन का क्या कार्य है?
यह बटन सेलेक्ट किए गए टेक्स्ट से सभी फॉर्मेटिंग (बोल्ड, कलर, अलाइनमेंट आदि) को हटाकर उसे Normal (Default) टेक्स्ट में बदल देता है। इसका आइकन एरेज़र (Eraser) जैसा होता है।
MS Word रूलर (Ruler) पर कितने प्रकार के इंडेंट मार्कर्स होते हैं?
रूलर पर मुख्य रूप से चार मार्कर्स होते हैं:
  1. First Line Indent
  2. Hanging Indent
  3. Left Indent
  4. Right Indent
Center Alignment का उपयोग कहाँ किया जाता है और इसका शॉर्टकट क्या है?
इसका उपयोग मुख्य रूप से डॉक्यूमेंट के शीर्षक (Titles), हेडिंग्स या कवर पेज की जानकारी को बीच में रखने के लिए किया जाता है। शॉर्टकट: Ctrl + E

🎥 Watch Our YouTube Videos

▶ Visit Our YouTube Channel

📝 MS Word Online Test & MCQs

✍️ Start MCQ Quiz Now

Post a Comment

Previous Post Next Post

Contact Form